स्वयं सहायता समूहों की दुकानों का सांसद ने किया उद्घाटन
बदायूं।
भारत व उत्तर प्रदेश सरकार स्वयं सहायता समूहों को बढावा दे रही है। सरकार ने आत्म निर्भर बनाने के लिए महत्वाकांक्षी योजना शुरू की है। अब हुनरमंदों को स्वरोजगार मिलेगा। प्रदेश सरकार हस्तशिल्पियों और निर्यातकों के प्रोत्साहन के लिए लगातार कोशिश कर रही है।
सोमवार को आंवला सांसद धर्मेन्द्र कश्यप ने शेखूपुर विधायक धर्मेन्द्र शाक्य, जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ विकासखण्ड कादरचौक अन्तर्गत ग्राम ककोड़ा में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण अजीविका मिशन द्वारा संचालित स्वयं सहायता समूहों की 10 दुकानों का आवंटन एवं विलेज हाॅट का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने यहां खोली गई दुकानों का अवलोकन भी किया।
आंवला सांसद ने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वरोजगार अपनाकर आत्म निर्भर बनना है। स्वयं सहायता समूह की महिलाएं दुकानों को नियमित रूप से खोलें, जिससे रोजगार की आय बढ़े और भविष्य उज्जवल बन सके। उन्होंने कहा कि महिला समूहों के क्रियाकलापों से उनकी आमदनी बढ़ी है। इसमें भी अधिक उपलब्धि महिलाओं की हिम्मत बढ़ना व सशक्तिकरण होना है। महिलाएं चूल्हा-चौका से निकल कर पुरुषों की भांति आगे बढ़ी हैं।
महिला सशक्तिकरण का यह अभियान सीमित नहीं रहना चाहिए।
शेखूपुर विधायक धर्मेन्द्र शाक्य ने कहा कि हर गांव में ऐसी जनजागृति हो कि हर परिवार की महिला सशक्त बनें और घर के कार्यों में पुरुष की भांति भागीदार हो। महिला समूहों के उत्पादों की ब्रांडिंग पर विशेष जोर दिया जाए। इसके लिए उत्पादों में गुणवत्ता लाई जाए। उन्होंने कहा कि नौकरी और काम की तलाश में भटकने वाले मध्यमवर्गीय परिवारों को अब रोजगार से जोड़ा जाएगा। इन घरों की महिलाओं के हुनर की पहचान करके इन्हें काम देने की तैयारी है।
डीएम ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार स्वरोजगार को बढ़ावा दे रही है। ग्रामीण महिलाओं के उत्पादकों को प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने का प्रयास है, ताकि ग्रामीण महिला उत्पादक बिना किसी बिचौलिए के अपने उत्पादों का उचित मूल्य प्राप्त कर सकें। उन्होंने ग्राम प्रधान को निर्देश दिए कि दूर हटकर लगने वाले बाजार को भी इसके परिसर में लगवाना सुनिश्चित करें, इससे भी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को लाभ होगा। अधिक से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूह बनाएं, जरूरत होने पर प्रशिक्षण भी कराया जाएगा। इसमें इच्छुक महिलाएं इस कार्यक्रम से जुड़कर अपनी आय बढ़ाएं। इस अवसर पर जिला विकास अधिकरी/डीसी एनआरएलएम चन्द्रशेखर एवं खण्ड विकास अधिकारी जीपी कुशवाह भी मौजूद रहे।
from BT News 24 https://ift.tt/2S3vGGa
No comments:
Post a Comment